रजरप्पा में भैरवी नदी में चट्टान पर घंटों फंसा रहा बुजुर्ग श्रद्धालु, काफी मशक्कत के बाद लोगों ने किया रेस्क्यू…
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में पास बहने वाली भैरवी नदी की तेज धारा में एक बुजुर्ग श्रद्धालु फंस गए।तेज धारा में किसी तरह बुजुर्ग ने नदी के बीच में स्थित चट्टान को पकड़कर खुद को संभाला। धारा में फंसने के बाद उन्होंने मदद के लिए गुहार लगाई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रस्सी के सहारे बुजुर्ग को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।बताया जाता है कि हजारीबाग जिले से माँ छिन्नमस्तिका देवी के दर्शन के लिए बुजुर्ग अपने परिजनों के साथ रजरप्पा पहुंचे थे। दर्शन से पहले वे स्नान करने के लिए भैरवी नदी में उतरेमबारिश के कारण नदी का बहाव बहुत तेज था, जिसकी चपेट में वे आ गए। नदी के बीच में पहुंचकर एक तैराक ने बुजुर्ग की कमर में रस्सी बांधी और सहारा देकर उन्हें सुरक्षित नदी के किनारे लाया।
बचाव कार्य में शामिल मंदिर के पुजारी पप्पू बाबा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नदी के बीच में चट्टान पर फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय दुकानदार को रस्सी के सहारे बुजुर्ग तक भेजा गया। इसके बाद बुजुर्ग की कमर और हाथ में रस्सी बांधकर उन्हें नदी के किनारे सुरक्षित लाया गया। पुजारी ने बताया कि बुजुर्ग हजारीबाग के निवासी थे और काफी घबराए हुए थे।
प्रशासन और मंदिर न्यास समिति लगातार श्रद्धालुओं से अपील करती रही है कि बरसात के मौसम में नदी में स्नान करने से बचें, क्योंकि नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सावधानी ही सुरक्षा की कुंजी है।स्थानीय लोगों, प्रशासन और पुजारी की सजगता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

