दुलारचंद हत्याकांड:चुनाव आयोग के एक्शन के बाद पटना पुलिस जागी,आधी रात को जेडीयू उम्मीदवार बाहुबली अनंत सिंह सहित तीन लोगों को उठाया..अनंत बोले- ‘अब जनता लड़ेगी’
पटना।बिहार के मोकामा में दुलारचंद हत्याकांड मामले में बाहुबली नेता सह जेडीयू के उम्मीदवार अनंत सिंह को शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।बता दें शनिवार को ही चुनाव आयोग ने इस मामले में बड़ा एक्शन लिया था।चार अधिकारियों पर कार्रवाई की थी।उसके बाद पटना पुलिस भी एक्शन में आई और आधी रात बाद अनन्त सिंह को गिरफ्तार किया है।
आधी रात पटना पुलिस अनंत सिंह के आवास पहुँचीं
अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनका बड़ा बयान आ गया है। दरअसल, अनंत सिंह का सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। अपने पोस्ट में बड़ी बात अनंत सिंह ने यह कह दी है कि चुनाव अब मोकामा की जनता लड़ेगी। मालूम हो, इस मामले में अनंत सिंह के साथ दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अनंत सिंह का पोस्ट
अनंत सिंह ने लिखा, ‘सत्यमेव जयते’
अनंत सिंह के फेसबुक पोस्ट की विस्तार से बात करें तो, उनकी गिरफ्तारी के बाद इसे शेयर किया गया. इस पोस्ट में गिरफ्तारी से जुड़ा एक वीडियो भी शेयर किया गया. साथ ही अनंत सिंह ने लिखा, ‘सत्यमेव जयते. मुझे मोकामा की जनता पर पूर्ण भरोसा है।इसलिए चुनाव अब मोकामा की जनता लड़ेगी।’ यह पोस्ट फेसबुक पर शेयर होते ही तेजी से वायरल हो रहा।
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने दी जानकारी
दरअसल, अनंत सिंह मोकामा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं.इसे लेकर वे लगातार चुनाव प्रचार में एक्टिव थे. इस बीच दुलारचंद हत्याकांड में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार देर रात एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अनंत सिंह की गिरफ्तारी की जानकारी दी।उनके साथ पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एमएस भी थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएम और एसएसपी ने कहा, इस मामले में अनंत सिंह समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।इनके नाम अनंत सिंह, मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम उर्फ दिमागी हैं। दुलारचंद के पोते ने अनंत सिंह समेत 4 के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करवायी थी।बाद में अनंत सिंह की ओर से भी 6 लोगों के विरुद्ध एफआईआर करवायी थी। पुलिस ने अपनी जांच के आधार पर अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की थी।अनंत सिंह को आज रविवार को कोर्ट में पेश किया जायेगा।
चुनाव आयोग की कार्रवाई
पटना के SSP कार्तिकेय के शर्मा ने कहा, “30 अक्टूबर को 2 प्रत्याशियों के गुटों में झड़प हो गई। पथराव हुआ, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद एक शव बरामद किया गया। मृतक, 75 वर्षीय दुलारचंद यादव, उसी गांव के निवासी थे जहां यह झड़प हुई थी… दोनों पक्षों ने मामला दर्ज कराया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी… साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया और यह एक गंभीर मामला है। यह पाया गया कि यह सब प्रत्याशी अनंत सिंह की मौजूदगी में हुआ, जो इस मामले में मुख्य आरोपी भी हैं। अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके साथी मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी उनके साथ गिरफ्तार किया गया है… तीनों को आज मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा और उचित जांच की जाएगी…”

