झारखण्ड में भारी बारिश के कारण स्कूल और हॉस्टल में घुसा बाढ़ का पानी, 162 बच्चों ने छत पर चढ़कर बचाई जान…पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला…
जमशेदपुर।झारखण्ड पूर्वी सिंहभूम जिले बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है।जिले में भी भारी बारिश हो रही है।बारिश के कारण पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र के हरिणा स्थित गुदरा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।नदी का पानी घरों व आसपास के इलाकों में घुसने लगा है।शनिवार की रात नदी के पास स्थित लव कुश आवासीय विद्यालय में भी पानी घुस गया। उस समय बच्चे स्कूल के छात्रावास में सो रहे थे।
अचानक पानी बढ़ने से वहां सो रहे 162 बच्चों में अफरातफरी मच गई।बच्चे किसी तरह स्कूल की छत पर भागे और अपनी जान बचाई।स्कूल पूरी तरह जलमग्न हो गया था।सुबह होने पर पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई।जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों की मदद से छत पर फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रस्सी व नाव की मदद से बच्चों को रेस्क्यू कर पास के सरकारी स्कूल में सुरक्षित रखा गया है। सभी बच्चे पूरी तरह भीग गए हैं। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान व मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डीएसपी ने बताया कि रविवार की सुबह 5:00 बजे कोवाली थाना प्रभारी ने फोन कर बताया कि स्कूली बच्चे बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं।हम लोग तुरंत वहां पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बाढ़ में फंसे स्कूली बच्चों को सुरक्षित निकाला गया। इस कार्य में स्थानीय ग्रामीण थाना के पुलिस कर्मियों एवं मेरे अंगरक्षक का योगदान सराहनीय है।
वहीं स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिना रजिस्ट्रेशन के लव कुश आवासीय विद्यालय कैसे चलाया जा रहा है यह समझ से परे है।इस विद्यालय में आठवीं तक की शिक्षा दी जाती है और वह भी यह आवासीय विद्यालय है।इस विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ते हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह घटना घटी है।अगर समय रहते पुलिस प्रशासन कार्रवाई नहीं करता तो निश्चित रूप से कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों के आरोप पर जिला शिक्षा पदाधिकारी से फोन के माध्यम से जानकारी मांगी गई। लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।वहीं ग्रामीणों की मांग है कि इस लापरवाही के लिए विद्यालय प्रबंधन पर कार्रवाई की जाए और बिना रजिस्ट्रेशन के विद्यालय कैसे चलाया जा रहा है इसकी उच्चस्तरीय जांच की जाए।

