नशे में धुत युवक ने बच्चों पर पिस्तौल तानी, हवाई फायरिंग की,पुलिस ने लिया हिरासत में…
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में बड़ा हादसा टल गया।यहां सदर थाना क्षेत्र स्थित फ्लावर मिल मोहल्ले में शुक्रवार रात एक नशे में धुत युवक ने बच्चों पर पिस्तौल तान दी और फिर हवाई फायरिंग कर दी।गनीमत रही कि गोली बच्चों को नहीं लगी। फायरिंग के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।स्थानीय लोगों ने बताया कि राजू नायक ने मोहल्ले में खेल रहे बच्चों को पिस्तौल दिखाकर डराने की कोशिश की और फिर एक फायर भी कर दिया। इससे इलाके में दहशत फैल गई।मोहल्ला वासियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया। फिलहाल उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह बेहोशी की हालत में है। आरोपी की पहचान राजू नायक के रूप में हुई है, जो चाईबासा के कुम्हारटोली का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि युवक ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था। हालांकि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास पिस्तौल कहां से आई। हथियार लाइसेंसी है या अवैध, इसकी भी जांच की जा रही है।

