झारखण्ड के थानों में नशेड़ी चूहों आतंक;चौंकिए मत…पुलिस ने कोर्ट में बताया…चूहों ने पहले ओरमांझी थाना में 200 किलो गांजा खा गए,अब और एक थाना में रखा 635 किलो डोडा खा गए…
राँची।राजधानी राँची में बड़े पैमाने पर नशे के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तो हो रही है,लेकिन पुलिस की जांच में लापरवाही की वजह से पकड़े जाने के बावजूद आरोपी आसानी से रिहा हो जा रहे है।राँची के ओरमांझी में 200 किलो गांजा चूहों के द्वारा नष्ट किए जाने के बाद एक और मामला सामने आया है।जिसमें खुले आसमान के नीचे डोडा चूर्ण रखने और चूहों के द्वारा डोडा चूर्ण नष्ट कर देने की बात सामने आई है।साथ ही पुलिस के द्वारा पेश किए गए गवाह भी आरोपियों के गुनाह साबित नहीं कर पाए।जिसकी वजह से अदालत ने दो आरोपियों को बरी कर दिया।पूरा मामला राँची के नामकुम थाना से जुड़ा हुआ है।नामकुम थाना में जब्त कुल डोडा में से 635 किलो को चूहे खा गए हैं। चूहों के कुतरने और मौसम ने एफएसएल की रिपोर्ट भी नष्ट कर दी है। वहीं, नामकुम पुलिस इस मामले में खुद ही गवाह भी बन गयी है। पुलिस की इस लापरवाही से डोडा की तस्करी करने वाले पकड़े गए दो आरोपी कार्तिक महतो और चूरू लोहरा को न्यायालय ने साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है। दरअसल, डोडा जब्त होने के बाद उस समय के केस आईओ अनिल कुमार सिंह ने कोर्ट को दी गई रिपोर्ट में कहा था कि 45 बोरी में 836 किलो डोडा जब्त किया गया है।
हालांकि केस आईओ के बदलते रहने के साथ डोडा का वजन भी घटता चला गया। जजमेंट के वक्त केस आईओ ने 200 किलो डोडा होने की बात कोर्ट को बताई। एसएफएसएल रिपोर्ट में डोडा की हुई थी पुष्टि कोर्ट ने जजमेंट में कहा है कि पुलिस रिपोर्ट में पांच डब्बों को एक साथ एफएसएल के लिए सील बताया गया था, पर डोडा के चार डब्बे क्षतिग्रस्त मिले। एक डब्बा बच पाया है। पुलिस ने बताया कि सैंपल को चूहों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। डोडा की जब्ती के समय बोरों को सील कर उस पर निशान भी लगाने की बात कही गई है। लेकिन न तो निशान थे और न ही उन्हें सील किया गया था। ऐसे में पुलिस साबित नहीं कर पाई कि डोडा पकड़ा गया था। इसका लाभ आरोपियों को मिला।
छह साल पहले जब्त हुआ था डोडा
31 मई 2019 की रात कोलाड गांव के पास डोडा तस्करी की सूचना पर पुलिस ने कार्तिक व चुरू को पकड़ने के बाद जेल भेजा था। इनके वाहन से 45 बोरी डोडा जब्त करने का दावा पुलिस ने किया था। कोर्ट में बताया गया कि खुले में रखे जाने से डोडा खराब हो गया। हालांकि एफएसएल सैंपल वाली प्लास्टिक बॉक्स चूहों ने कुतर दी। चार बॉक्स चूहे की चपेट में आए। इसमें सिर्फ एक ही सील था।
इधर ग्रामीण एसपी ने कहा कि मामले को लेकर पुलिस गंभीर है। जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जांच भी शुरू कर दी गई है।

