देवघर एम्स के पांच मंजिला हॉस्टल से गिरने वाले एमबीबीएस छात्र ध्रुव की मौत
देवघर।झारखण्ड के देवघर एम्स के पांच मंजिला हॉस्टल से गिरने वाले एमबीबीएस छात्र ध्रुव कुमार की इलाज के दौरान आज शनिवार को मौत हो गयी।ध्रुव पिछले दो दिनों से एम्स के इमरजेंसी ब्लॉक में इलाजरत था।बता दें गुरुवार की रात करीब 8 बजे देवघर एम्स कैंपस के पांच मंजिला हॉस्टल से ध्रुव गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया था।घटना के बाद ध्रुव को देवघर एम्स के ही इमरजेंसी ब्लॉक में भर्ती किया गया था।गिरने के बाद भी ध्रुव होश में था।एम्स के चिकित्सकों की देखरेख में आईसीयू वार्ड में छात्र के पेट में एक आपरेशन भी हुआ था। आपरेशन के बाद से ध्रुव होश में नहीं आया।आज शनिवार की दोपहर 12 बजे ध्रुव की मौत हो गयी।छात्र ध्रुव कुमार मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार को ही ध्रुव के माता-पिता भी देवघर एम्स पहुंचे थे।इधर छात्र के मौत की सूचना मिलते ही देवीपुर थाना की पुलिस भी एम्स कैंपस पहुंच गयी। एम्स के छात्र भी इमरजेंसी के बाहर धीरे-धीरे पहुंचे। एम्स प्रबंधन भी इस मामले को लेकर अलर्ट है।वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।पुलिस आगे की जांच पड़ताल में जुटी है।

