धनबाद पुलिस ने पेपर लीक गिरोह का किया भंडाफोड़:पश्चिम बंगाल पुलिस भर्ती परीक्षा से पहले 22 लोग हिरासत में, 272 एडमिट कार्ड जब्त..
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल आरक्षी (पुलिस) भर्ती परीक्षा में धांधली की कोशिश कर रहे एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में 22 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिसमें परीक्षार्थी, गिरोह के सदस्य, स्थानीय लोग और होटल संचालक शामिल है। इस कार्रवाई की सबसे खास बात ये रही कि पश्चिम बंगाल आरक्षी (पुलिस) भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थी और गिरोह का संचालनकर्ता पश्चिम बंगाल के ही रहने वाले हैं।पुलिस के अनुसार,तिसरा थाना के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो की जांच और पूछताछ के बाद, पुलिस को पश्चिम बंगाल आरक्षी (पुलिस) परीक्षा के फर्जीवाड़े से जुड़े एक बड़े गिरोह का पता चला। यह परीक्षा आज 30 नवंबर 2025 को आयोजित होने वाली थी।
इस खुफिया जानकारी के आधार पर, पुलिस ने झरिया थाना क्षेत्र स्थित बंधन लॉज में छापेमारी की। इस दौरान, प्रश्न पत्र पढ़वाने के कार्य में संलिप्त कुल 22 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
हिरासत में लिए गए लोगों में 14 परीक्षार्थी हैं,सभी पश्चिम बंगाल के निवासी है।इस गिरोह के एक सदस्य जो पश्चिम बंगाल का निवासी है।एक ड्राइवर जो धनसार का निवासी है।वहीं
6 स्थानीय कर्मी हैं जिसमें पांच व्यक्ति टेंट हाउस के कर्मी और 1 व्यक्ति होटल संचालक है।
गिरोह के पास से भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई है, जिसमें 272 पीस एडमिट कार्ड, 70 पीस मोबाइल फोन, अन्य पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, नोटबुक, ब्लूटूथ डिवाइस, लगभग 40 कलाई घड़ियां, मोबाइल चार्जर, पेन का एक कार्टून, 10 पीस सोने की चेन, स्टेशनरी, और अन्य कागजात बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

