डीजीपी ने बकरीद पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था व सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की,सोशल मीडिया पर निगरानी,डीजे पर रोक
राँची।झारखण्ड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बकरीद पर्व को लेकर राज्यभर में विधि व्यवस्था व सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान राज्य पुलिस के आला अधिकारियों के साथ सभी रेंज के आईजी, डीआईजी और जिलों के एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे। बैठक के दौरान डीजीपी ने सोशल मीडिया पर निगरानी का आदेश दिया। साथ ही डीजे पर भड़काऊ गाने बजाने पर रोक लगाने का आदेश दिया गया है। डीजीपी ने आदेश दिया है कि बीते सालों में बकरीद या अन्य मौके पर सांप्रदायिक घटनाओं के मामलों में दर्ज कांडों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। बकरीद के मद्देनजर असामाजिक तत्वों के विरूद्ध अपेक्षित निरोधात्मक कार्रवाई करने, विधि-व्यवस्था संधारण के लिए दंडाधिकारी एवं बलों की उपलब्धता एवं प्रतिनियुक्ति को लेकर भी निर्देश दिए गए।डीजीपी ने जिलों के एसपी को निर्देश दिया कि धार्मिक स्थलों व संवेदनशील स्थानों के आसपास की सुरक्षा बढ़ाएं। ऐसी जगहों पर सीसीटीवी लगवाएं। साथ ही वीडियोग्राफी और ड्रोन से निगरानी की भी व्यवस्था की जाए। जिलों में संयुक्त नियंत्रण कक्ष तथा आपातकालीन योजना तैयार करने का निर्देश भी जिलों के एसपी को दिया गया। जिला, थाना स्तरीय शांति समिति की बैठक का निर्देश भी डीजीपी ने दिया। प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी पर विशेष निगरानी डीजीपी ने जिलों में दंगारोधी सुरक्षा उपकरणों, दंगारोधी वाहन, वाटर केनन की उपलब्धता एवं एंटी रॉयट कंट्रोल ड्रील की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान वारंटियों पर कार्रवाई, कुर्की वारंट के तामिला, प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी पर निगरानी का विशेष निर्देश भी दिया गया है। बैठक के दौरान सभी प्रक्षेत्रीय आईजी/क्षेत्रीय डीआईजी द्वारा आगामी त्योहार के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए बनाए गए रणनीतियों की क्षेत्रवार प्रस्तुति दी। बैठक में एडीजी प्रिया दूबे, आईजी अभियान माईकलराज एस, आईजी जगुआर अनुप बिरथरे, डीआईजी जगुआर इंद्रजीत माहथा, विशेष शाखा के एसपी मूमल राजपुरोहित भी पुलिस मुख्यालय से मौजूद थे।

