देवरानी ने की जेठानी की हत्या…अवैध संबंध के शक में डंडे से पीटकर महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले में गुरुवार की देर रात देवरानी ने अपनी जेठानी की हत्या कर दी। पति से जेठानी के अवैध संबंध के शक से उठे विवाद के बाद बात हाथापाई पर आ गई और देवरानी ने डंडे से पीटकर महिला की हत्या कर दी।घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित कालीदासपुर पंचायत के धारसुड़ी गांव के बड़ियाटोला की है।

बताया जाता है कि देवरानी को शक था कि उसके पति का अपनी भाभी से अवैध संबंध है और इस वजह से अक्सर उनमें विवाद होता था। इधर, पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।मृतका की पहचान मुंडरी किस्कू के रूप में की गई है। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का शामिल है।

मृतका के पड़ोसी चूड़का मरांडी ने बताया कि आरोपी संझली किस्कू (21) को शक था कि उसकी जेठानी मुंडरी का उसके पति के साथ अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।विवाद के दौरान संझली ने घर में पास में रखे डंडे से मुंडरी के सिर पर वार कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

इधर घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव कुमार झा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया है।

error: Content is protected !!