जन्मदिन से एक दिन पहले मौत:स्कूटी में पेट्रोल लेने पहुंचे युवक को मारुति वैन ने रौंदा,प्राथमिकी दर्ज,चालक फरार,मारुति वैन जब्त…

 

राँची।राजधानी राँची में जन्मदिन की तैयारी कर रहा एक युवक लापरवाह वैन ड्राइवर के रफ्तार का शिकार हो गया। पेट्रोल पंप पर ही लापरवाह कार ड्राइवर ने विवेक नाम के युवक को कुचल दिया।इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई।

नए साल की पूर्व संध्या पर हुए एक दुखद हादसे ने बिरसा चौक में रहने वाले एक परिवार की इकलौती चिराग बुझा दी।राँची के बिरसा चौक, लंका कॉलोनी में रहने वाले ऑटो-रिक्शा ड्राइवर फूलचंद तिर्की के इकलौते बेटे विवेक कुमार तिर्की की 31 दिसंबर की रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, विवेक 31 दिसंबर की रात अपने स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के लिए बिरसा चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर गया था।उसी समय, एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया,जबकि कार चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद पंप के कर्मियों और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और विवेक को अस्पताल ले गए, लेकिन 1 जनवरी की रात उसकी मौत हो गई।विवेक एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था और अपने पिता का इकलौता सहारा था।

मृतक विवेक के पिता फूलचंद ने बताया कि दुखद यह है कि 1 जनवरी को उनके बेटे का जन्मदिन भी था।वह अपने जन्मदिन के लिए केक खरीदने घर से निकला था, लेकिन वापस कफन में लौटा।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। 2 जनवरी को परिजन और मोहल्ले वाले पुलिस स्टेशन पहुंचे और आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।

पेट्रोल पंप पर हुई पूरी घटना पंप के CCTV कैमरों में कैद हो गई। जगन्नाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कार ड्राइवर अपनी कार लेकर फरार हो गया।लेकिन पुलिस ने मारुति वैन के नम्बर से कार बरामद कर लिया गया।वहीं कार चालक फरार है।किसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। शुक्रवार को परिवार की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है,जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है

error: Content is protected !!