पेड़ से लटका मिला युवक का शव…पारिवारिक विवाद में आत्महत्या की आशंका,जांच में जुटी पुलिस..
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गुरिया गांव निवासी विकास भारती (पिता दुल भारती) के रूप में हुई है। इस घटना से गांव और परिवार में मातम छा गया है।मृतक की भाभी आशा देवी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से घर में लगातार आपसी झगड़ा चल रहा था। इसी विवाद से परेशान होकर विकास भारती रात करीब 12 बजे चुपचाप घर से बाहर निकल गए थे। परिजनों को उनके इस आत्मघाती कदम का कोई अंदाजा नहीं था।अगले दिन दोपहर में, जब स्थानीय लोग सिद्धी अंजनु मडड़ के पास टहलने गए, तो उन्होंने एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ देखा। यह देखते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत मृतक के परिजनों तथा प्रतापपुर थाना को सूचना दी।सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। प्रतापपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है।थाना प्रभारी ने आगे कहा कि पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है, ताकि आत्महत्या के सटीक कारणों और पारिवारिक विवाद की प्रकृति का पता लगाया जा सके। घटनास्थल पर मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पंचायत की मुखिया संगीता देवी ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

