टूर पैकेज के नाम पर 3.64 लाख की साइबर ठगी:अहमदाबाद, द्वारिका, उदयपुर व दिल्ली घूमाने का दिया झांसा, गूगल पर नंबर खोजकर किया था संपर्क…
राँची। टूर एंड ट्रैवल्स पैकेज के नाम पर साइबर ठगों ने राँची के एक व्यक्ति से 3.64 लाख रुपए की ठगी कर ली। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र के आरा बरका टोली निवासी संतोष कुमार बड़ाईक ने साइबर थाना में आवेदन देकर बताया कि उन्होंने गूगल पर टूर एंड ट्रैवल्स सर्च किया था। इस दौरान उन्हें कृष्णा टूर एंड ट्रैवल्स नाम से एक नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर आरोपी ने उन्हें अहमदाबाद, द्वारिका, उदयपुर और दिल्ली घूमने का पैकेज ऑफर किया। पीड़ित के अनुसार ठगों ने फ्लाइट और होटल सहित पूरे टूर पैकेज की कीमत 3,64,000 रुपए बताई और भुगतान करने के लिए बैंक खाते की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने 91 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से भेजे और बाद में 2,73,000 रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर कर दिए। रुपए ट्रांसफर करने के बाद जब टूर से संबंधित कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खाते और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
ऑनलाइन सामान मंगाना पड़ा महंगा, 20,490 रुपए की साइबर ठगी
इधर, ऑनलाइन सामान खरीदने के दौरान राँची के एक व्यक्ति के साथ 20,490 रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने साइबर थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार बरियातु थाना क्षेत्र के सोम विहार, रोड नंबर-2 निवासी दिनेश कुमार सिन्हा ने साइबर थाना में दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने ऑनलाइन स्टेनलेस स्टील वॉल वेंट कवर खरीदने के लिए 20,490 रुपए का भुगतान किया था। यह भुगतान उन्होंने अपने यूपीआई आईडी के माध्यम से किया था। पीड़ित के अनुसार भुगतान ग्लोकॉम इमपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के खाते में किया गया था। पेमेंट के बाद कंपनी की ओर से सामान भेजने का आश्वासन दिया गया, लेकिन 25 दिन बीत जाने के बाद भी सामान की डिलीवरी नहीं की गई। दिनेश कुमार सिन्हा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कंपनी को कई बार ईमेल के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित ने लेन-देन से संबंधित दस्तावेज और कंपनी की जानकारी भी संलग्न की है। साइबर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है

