रामगढ़ के कुज्जू में कोयला कारोबारी के घर फायरिंग औऱ राँची में एक कारोबारी की हत्या करने के लिए अपराधी राहुल दुबे ने यूपी से बुलाये थे दो शार्प शूटर…रामगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा 6 अपराधी…
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय अपराधी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के कुज्जू क्षेत्र के कोयला कारोबारी डब्बू सिंह के घर पर हुई गोलीबारी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गैंग के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय एक बड़े आपराधिक नेटवर्क को तोड़ा गया है।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि पांच जनवरी की रात कुज्जू ओपी क्षेत्र के नयामोड़ निवासी कोयला व्यवसायी डब्बू सिंह के घर पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की थी। बताया गया कि अपराधियों ने रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर यह हमला किया और मौके पर राहुल दुबे गिरोह का धमकी भरा पर्चा भी छोड़ दिया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अजय कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिससे यह साफ हुआ कि वारदात राहुल दुबे और सत्यम शुक्ला उर्फ आशीष शुक्ला के इशारे पर कराई गई थी। इसी बीच 13 जनवरी को पुलिस ने जाल बिछाकर एनएच 33 पर भोजपुर ढाबा के पास से नकुल कुमार चौहान उर्फ बिजली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इमामबाड़ा श्याम सरोवर ढाबा के पास जंगल में छापेमारी कर बाकी पांच आरोपियों को भी दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों में नकुल कुमार, राज कुमार, मुकेश करमाली, रंजीत साव, जयेश पाल और सन्नी सिंह शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि जयेश पाल और सन्नी सिंह उत्तर प्रदेश के कुख्यात शूटर हैं, जिनका यूपी पुलिस के साथ मुठभेड़ का पुराना रिकॉर्ड रहा है।
राँची शहर में भी एक कारोबारी की हत्या का प्लान बन चुका था,ऐन वक्त पर रामगढ़ एसपी की कार्रवाई से योजना विफल हो गया-एसपी अजय कुमार ने बताया कि पूछताछ में अपराधियों ने बड़ा खुलासा किया।बताया कि यूपी के दोनों कुख्यात शूटरों को राँची के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी की हत्या की सुपारी दी गई थी। एसपी अजय कुमार ने बताया कि समय रहते पुलिस की कार्रवाई से इस बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया।नहीं तो राजधानी राँची में एक बड़ी घटना को अंजाम दे देता।बताया कि दोनों शूटरों के कारोबारी की रेकी की जा रही थी।पुलिस के गिरफ्त में नहीं आता तो कारोबारी को शहर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके में हत्या कर योजना तैयार हो चुकी थी।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन हथियार समेत अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

