जेल से रंगदारी वसूल रहा है अपराधी अली खान,रंगदारी नहीं देने पर युवक पर जानलेवा हमला, चार को मारी गई गोली,एक दर्जन पर मामला दर्ज,पांच लोगों को भेजा जेल…..
राँची।राजधानी राँची के डोरंडा इलाके में जेल में बंद अपराधी अली खान और उसका गैंग रंगदारी वसूल रहा है। रंगदारी नहीं देने वालों को धमकाया जाता है। हथियार लहराकर डराया जाता है। कभी-कभी हवाई फायरिंग भी की जाती है।ये खुलासा तब हुई जब डोरंडा में शुक्रवार की रात को हुए गोली कांड में दो प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शुक्रवार की रात चार को मो तबरेज,नदीम अंसारी,आसिफ और जावेद उर्फ छोटकू को गोली लगी थी। वहीं मारपीट में घायल इमरान और गोली से घायल मो तबरेज ने जो प्राथमिकी दर्ज कराई है उसमें एक दर्जन पर मामला दर्ज कराया गया है।पांच गिरफ्तार ,भेजा जेल ।पीड़ित के अनुसार बेलदार नगर और कुम्हार टोली में अली गैंग के गुर्गे अज्जू, विक्की, मोइन, बिट्टू, टिंकल खान, फैज कुरैसी, सरफराज उर्फ मुग्गी अज्जू, विक्की, रूस्तम, आजम अहमद उर्फ आजम नेता और फरमान इलाके में दहशत फैला रहे हैं।
इमरान ने बताया कि पिछले दिनों उससे तीन बार में 9 हजार रुपए रंगदारी ली गई। रमजान के चलते उसने 10 दिनों से पैसे नहीं दिए थे। इस पर अली खान ने टिंकल को फोन कर धमकाने को कहा। 19 मार्च को टिंकल ने उसे धमकी दी कि रंगदारी नहीं देने पर अली खान उसकी हत्या करवा देगा। 21 मार्च की रात 9:20 बजे नीम चौक, डोरंडा में फरमान और जफर लोहे की रॉड लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इसे मार देंगे ताकि बाकी लोग भी सबक सीखें। फरमान ने रॉड से इमरान के सिर पर वार किया। सिर फट गया। वह नीचे गिर पड़ा। इसके बाद दोनों ताबड़तोड़ हमला करने लगे। इमरान की चीख सुनकर लोग पहुंचे। किसी तरह उसकी जान बची।
इधर मो तबरेज ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि डोरंडा के बेलदार मोहल्ले में शुक्रवार रात दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। 15-20 लोगों ने हथियारों से लैस होकर हमला किया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। गोली लगने से चार लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल तबरेज अंसारी ने पुलिस को दिए फर्द बयान में बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे इब्राहिम खान, आजम अंसारी उर्फ आजम नेताज़ विक्की, सरफराज, साहेब फैज कुरैशी समेत 15-20 लोग मोहल्ले में पहुंचे। सभी हथियारों से लैस थे। इन्होंने इलाके में दहशत फैलाने के लिए हमला किया। तबरेज के छोटे भाई इमरान को लाठी-डंडों और राइफल के बट से पीटा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर तबरेज, उनके चाचा नदीम अंसारी, आसिफ और समीम मौके पर पहुंचे। देखा कि इमरान खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। जब तबरेज ने पूछा कि हमला किसने किया, तो इब्राहिम खान, आजम नेता, शबाना परवीन, मुस्कान और कंचन ने घेरकर गोली मारने के लिये कहा। इसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। रुस्तम खान ने तबरेज पर गोली चलाई, जो उनके पैर में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान अज्जू ने उनके चाचा नदीम अंसारी को गोली मार दी, जिससे उनकी जांघ में गोली आर-पार हो गई। विक्की ने तबरेज के भाई आसिफ पर गोली चलाई, जो उसके हाथ में लगी। वहीं, मोर्डन ने जावेद उर्फ छोटकु के सीने में गोली मार दी। हमलावरों ने ईंट-पत्थर भी बरसाए। इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग डर के मारे घरों में छिप गए। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।
तबरेज ने बताया कि घटना के बाद अपराधी अली ने देर रात फिर से फोन कर जान से मारने की धमकी भी दी।कहा केस करोगे तो जान से जाओगे।मैनेज कर लो। इधर घायलों को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।