राँची के मून डिस्को बार में विवाद, युवक की मौत, सुनियोजित हत्या का आरोप,गढ़वा में जीरो एफआइआर दर्ज

 

राँची।गढ़वा के रहने वाले 25 वर्षीय युवक अंकित कुमार सिंह की मौत का मामला अब हत्या के गंभीर आरोपों के साथ सामने आया है। मृतक के मामा सत्यप्रकाश सिंह ने सोमवार को गढ़वा थाना में आवेदन देकर पूरी घटना को सुनियोजित हत्या बताया है और नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।आवेदन के अनुसार चार जनवरी 2026 की रात करीब नौ बजे सत्यप्रकाश सिंह अपने भांजा अंकित कुमार सिंह और उसके दोस्तों अर्णव उर्फ सेजल तथा आकाश कुमार के साथ राँची के लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार में खाना खाने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद दूसरे ग्रुप से विवाद हो गया। आरोप है कि बाहर निकलते समय उस ग्रुप के एक युवक ने अंकित को मां-बहन की गाली दी, जिसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई। दूसरे ग्रुप के लोगों ने अंकित के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोप है कि इसके बाद सड़क के उस पार खड़ी सफेद रंग की कार (जेएच 01 जीडी 2216) को जान से मारने की नीयत से अंकित पर चढ़ा दिया गया और फिर दोबारा उसे कुचल दिया गया। घटना में आकाश कुमार भी घायल हो गया, जबकि सत्यप्रकाश सिंह के दाहिने हाथ की हथेली में चोट आई। अंकित को सदर अस्पताल राँची ले जाया गया, जहां से रिम्स रेफर किया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के दोस्त अर्णव उर्फ सेजल ने आरोपी की पहचान करने का दावा किया है। आवेदन में रमनदीप सिंह, रौशन गुप्ता, अंशुल, विक्की खान सहित अन्य अज्ञात युवकों को नामजद किया गया है। गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में जीरो एफआइआर दर्ज कर इसे लालपुर थाना भेज दिया गया है। पुलिस बार के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

error: Content is protected !!