चाईबासा:सारंडा के जंगल में आईईडी ब्लास्ट में कोबरा के एक जवान घायल…
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी घटना घटी है। रविवार की सुबह नक्सलियों द्वारा बिछाए गए एक आईईडी के ब्लास्ट से 209 कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी।इसी सूचना के आधार पर कोबरा और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।ऑपरेशन के दौरान, जंगल के दुर्गम रास्ते में नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे प्लांट किया गया एक प्रेशर आईईडी अचानक ब्लास्ट हो गया।इस धमाके की चपेट में सहायक कमांडेंट अजय मलिक आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज काफी दूर तक सुनी गई।
धमाके के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने मोर्चा संभाला और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी।घटना के बाद पुलिस मुख्यालय और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया, जिसके बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके के लिए रवाना किया गया है। वर्तमान में इलाके में तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी अन्य संभावित खतरे को टाला जा सके।
घायल सहायक कमांडेंट अजय मलिक को घटनास्थल से सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया है उनकी स्थिति को देखते हुए और बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर राँची भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

