सोमा मुंडा हत्याकांड की जांच करने खूंटी पहुंचे सीआईडी एडीजी सह राँची जोन के प्रभारी आईजी,कहा- जल्द होगा मामले का खुलासा

 

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी में पड़हा राजा और अबुआ झारखण्ड पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सोमा मुंडा हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस एड़ी चोटी का जोर लगाती दिख रही है।खुद सीआईडी के एडीजी सह राँची के प्रभारी आईजी मनोज कौशिक खूंटी पहुंचे और एसपी मनीष टोप्पो समेत गठित जांच टीम के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।उन्होंने अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली।इस दौरान हत्या के कारणों से जुड़े तमाम संभावनाओं को खंगाला गया।

मनोज कौशिक ने पत्रकारों को बताया कि हत्याकांड की जांच हर एंगल की जा रही है।एसपी के निर्देश पर जांच टीम का भी गठन किया जा चुका है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा और हत्याकांड में शामिल लोग सलाखों के पीछे होंगे। अभी तक की जानकारी के मुताबिक दर्जन भर लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। इसमें खूंटी, सायको, मारंगहादा और मुरहू थाना प्रभारियों सहित कुल 10 से 12 पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया है।

पुलिस ने सोमा मुंडा हत्याकांड के पीछे हुटार स्थित महादेव मंडा के समीप करीब तीन एकड़ जमीन होने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि इस जमीन को पड़हा समाज की जमीन बताते हुए इसी साल मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा के जयंती के दिन तीन जनवरी को पत्थलगड़ी की गई थी।साथ ही दूसरे एंगल को भी खंगाला जा रहा है।

7 जनवरी की शाम आदिवासी नेता सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके खिलाफ खूंटी में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। 8 जनवरी को सुबह 9 बजे से 5 बजे तक खूंटी के सभी प्रमुख रास्तों को स्थानीय लोगों ने जाम कर दिया।खूंटी शहर की तमाम दुकानें बंद रहीं।शाम के वक्त डीसी और एसपी के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

error: Content is protected !!