चतरा के क्रशर व्यवसायी को मिली जान से मारने की धमकी,दो करोड़ की मांगी रंगदारी
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कद्दावर नेता, क्रशर व्यवसायी, समाजसेवी सह पूर्व मुखिया प्रेमचंद उर्फ प्रेम सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है। व्यवसायी प्रेम सिंह को उनके व्हाट्सएप नंबर पर अज्ञात नंबर से एक ऑडियो क्लिप भेज कर सामने वाले शख्स ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताया है और दो करोड़ रुपये बतौर रंगदारी मांगी है। रंगदारी नहीं देने पर हत्या कराने की धमकी दी गई है।क्रशर व्यवसायी प्रेम सिंह के अनुसार धमकी देने वाले शख्स ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताया है और ऑडियो क्लिप में दुबई से धमकी देने की बात कही है।गैंगस्टर द्वारा व्हाट्सएप पर ऑडियो क्लिप भेजने के अलावा प्रेम सिंह के व्हाट्सएप पर कॉल के माध्यम से भी धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद प्रेम सिंह ने हंटरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है और मामले में पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
घटना विगत एक सप्ताह पूर्व की बताई जा रही है।प्राथमिकी दर्ज करने के बाद भी चतरा पुलिस अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। जिससे नाराज भुक्तभोगी प्रेम सिंह ने मामले से चतरा एसडीपीओ संदीप सुमन, एसपी सुमित कुमार अग्रवाल, आईजी बोकारो सुनील भास्कर के अलावा डीजीपी के साथ-साथ एटीएस एसपी और अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।धमकी मिलने के बाद हंटरगंज थाना में व्यवसायी प्रेम सिंह ने आवेदन देकर प्रिंस खान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करायी है।
थाना में दिए गए आवेदन में व्यवसायी प्रेम सिंह ने कहा है कि 11 दिसंबर 2025 को करीब दोपहर 1 बजकर 24 मिनट पर उनके मोबाइल नंबर-70×4249××7 पर अज्ञात व्हाट्सएप नंबर +971545920432 से धमकी भरी वॉयस रिकॉर्डिंग और बाद में कुछ यूट्यूब वीडियो का लिंक भेजा गया है।रिकॉर्डिंग के माध्यम से उनसे दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी के रूप में पैसे नहीं देने पर जान से मार देने की धमकी दी गयी है। धमकी देने वाले ने अपना नाम प्रिंस खान बताया है और कहा कि वह दुबई से बात कर रहा है।
क्रशर संचालक प्रेम सिंह के अनुसार व्हाट्एप पर ऑडियो क्लिप भेजने के बाद उसी दिन पुनः शाम करीब 4 बजकर 13 मिनट पर व्हाट्सएप पर कॉल आया।उस व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से भी दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई है, नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस को दिए आवेदन में भुक्तभोगी प्रेम सिंह ने कहा है कि इस घटना से वे और उनका पूरा परिवार भयभीत है। उन्हें अंदेशा है कि व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से बात करने वाला व्यक्ति जो अपना परिचय गैंगस्टर प्रिंस खान के रूप में दिया है वह कभी भी उनके साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।उन्होंने इस संबंध में छानबीन कर व्हाट्सएप नंबर +971545920432 और प्रिंस खान के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, इस पूरे मामले में हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस व्यवसायी प्रेम सिंह को मिली धमकी के मामले में पूरी तरह गंभीर है। टेक्निकल सेल का सहारा लेकर फोन करने वाले व्यक्ति तक पहुंचने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही कुछ सार्थक परिणाम सामने आएंगे। किसी भी परिस्थिति में अपराधियों को इलाके में पनपने का मौका नहीं दिया जाएगा वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पूरे घटनाक्रम में स्पेशल टीम काम कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर गैंगस्टर का गुप्तचर कौन है ?

