चतरा एयर एंबुलेंस हादसा: 21 दिन बाद जंगल में मिला विमान के इंजन का हिस्सा…पुलिस ने जब्त कर थाना लाया…
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित कासियतू करमटांड जंगल में 23 फरवरी को हुए एयर एंबुलेंस हादसे से जुड़ा एक अहम सुराग 21 दिन बाद सामने आया है। रविवार को महुआ चुनने गए ग्रामीणों को जंगल में विमान के इंजन का एक भाग दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सिमरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इंजन के हिस्से को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि यह हिस्सा दुर्घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में मिला है। गौरतलब है कि 23 फरवरी को इसी इलाके में एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गया था, जिसमें पायलट समेत कुल सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के बाद से ही विमान के कुछ हिस्सों की तलाश की जा रही थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद इंजन के हिस्से को पुलिस ने सुरक्षित कब्जे में ले लिया है और जांच टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है।जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इंजन का भाग मिलने से हादसे के कारणों का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
इस विमान में पायलट, मरीज, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और मरीज के परिजन समेत कुल सात लोग सवार थे, जिनकी इस भीषण हादसे में मौत हो गई थी।पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

