चाईबासा: सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी…बोरे में मिला धड़,सिर गायब..
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोतरोगढ़ा गांव के समीप बुधवार को एक व्यक्ति का सिर कटा धड़ बोरे में बंद मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।पुलिस ने मृत व्यक्ति की पहचान गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सारुड़ा गांव निवासी 65 वर्षीय हरिनाथ लुगुन उर्फ मंगरा के रूप में की है।पुलिस के अनुसार हत्या बेहद निर्ममता और सोची-समझी साजिश के तहत की गई है।अपराधियों ने पहले शख्स की हत्या की, फिर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।सिर को किसी अन्य स्थान पर फेंक दिया गया, जबकि धड़ को बोरे में बंद कर कोतरोगढ़ा गांव के पास सुनसान इलाके में फेंक दिया गया है।वहीं शव की स्थिति देखकर ग्रामीण सहम गए हैं। बोरे से दुर्गंध आ रहा था।पास जाकर देखने पर सिर कटा शव मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल गोइलकेरा थाना पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा ने बताया कि शव बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया जमीन विवाद में हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।इधर, घटना के बाद कोतरोगढ़ा, सारुड़ा समेत आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों ने प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

