रामगढ़ के भुरकुंडा में सीसीएल सुरक्षाकर्मी को अपराधियों ने मारी गोली,स्थिति गंभीर,राँची रेफर
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सयाल डी क्षेत्र में अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। शनिवार की देर शाम सीसीएल में कार्यरत एक सिक्योरिटी गार्ड को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी।इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिले के बरकाकाना में कार्यरत और सयाल निवासी सीसीएल कर्मी (सुरक्षा कर्मी) बिहारी राम रोज की तरह जमुरिया बाजार स्थित बीओआई बैंक के पास बने चबूतरे पर बैठे थे। आसपास सामान्य चहल-पहल थी। इसी दौरान एक युवक बाइक से वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि युवक ने बिना ज्यादा बातचीत किए अचानक पिस्टल निकाली और सीधे बिहारी राम पर फायर कर दिया। गोली उनके बाएं कमर (पीठ)में लगी। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या है।जैसे ही गोली चली, बाजार में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दुकानदारों ने तुरंत शटर गिरा दिए। कुछ मिनटों तक पूरा इलाका सहमा रहा। गोली मारने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गया। उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।शुरुआती दहशत के बाद आसपास के लोगों ने हिम्मत जुटाई और घायल बिहारी राम को उठाकर तुरंत एकेसी अस्पताल, भुरकुंडा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सीसीएल अस्पताल, गांधीनगर राँची रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद जमुरिया बाजार और आसपास के इलाकों में डर का माहौल है। लोग खुलेआम हुई इस फायरिंग से सहमे हुए हैं। रात होते ही बाजार में सन्नाटा छा गया। सूचना मिलते ही भुरकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावर की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

बता दें आज ही दिन में एसपी ने जिले के सभी डीएसपी और थानेदार के सारे क्राइम मीटिंग की।देर शाम होते होते अपराधियों ने पुलिस को चुनौती दे दी।

