राँची में बस में लगी आग… 4 दर्जन सवारियों की बची जान

 

राँची।जिले के मांडर बाजारटांड़ के पास शनिवार शाम करीब 5:30 बजे चलती यात्री बस में आग लग गई। बाइक सवार राहगीर की तत्परता से बस में सफर कर रहे करीब 45 यात्रियों की जान बच गई। हालांकि, आग की सूचना पर बस से उतरने की आपाधापी में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं।मिली जानकारी के अनुसार, मोना नामक यात्री बस राँची से चतरा जा रही थी। जब बस मांडर बाजारटांड़ के निकट पहुंची, तब एक बाइक सवार राहगीर ने बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देखा। उसने तुरंत ड्राइवर को सूचना दी। ड्राइवर ने ज्यों ही सड़क किनारे बस रोकी, उसमें से आग निकलने लगी। यह देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। एक ही दरवाजे से उतरने की कोशिश में यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। इस दौरान कुछ यात्रियों को हल्की चोटें भी आईं। इसी बीच वहां पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने पानी और बालू की मदद से आग पर काबू पा लिया। सूचना मिलते ही मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली पुलिस बल के साथ पहुंचे। सवारियों को बस से दूर हटाकर जवानों और आम लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया।

बस चालक और खलासी ने बताया कि बैटरी में शॉर्ट सर्किट के कारण बस में आग लगी थी। बताया जा रहा है बस की बैटरी के ऊपर बने बॉक्स में यात्रियों का सामान रखा था, जिसमें टायर रिसोलिंग का सामान भी था। अगर आग उस हिस्से तक पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मांडर पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों की मदद की।

error: Content is protected !!