राँची में बिल्डर को 5 करोड़ की धमकी, व्हाट्सएप कॉल से मांगी रंगदारी,7 दिन में पैसे नहीं दिए तो जान से मारने की चेतावनी,केस दर्ज
राँची। राजधानी में एक बार फिर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कशिश डेवलपर्स लिमिटेड और कशिश न्यूज के मैनेजिंग डायरेक्टर अजीत चौधरी को व्हाट्सएप कॉल और मोबाइल कॉल के जरिए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में अरगोड़ा थाना में अज्ञात आपराधिक गिरोह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अजीत चौधरी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 14 मार्च 2026 को उनके मोबाइल नंबर 88×380×××0 पर दोपहर करीब एक बजे से लगातार कॉल और संदेश आने लगे। कॉल करने वालों ने खुद को आपराधिक गिरोह से जुड़ा बताते हुए 5 करोड़ रुपये की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें कहीं भी नुकसान पहुंचाया जा सकता है।धमकी देने वालों ने यह भी कहा कि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। लगातार कॉल और धमकी भरे संदेश मिलने से अजीत चौधरी और उनका परिवार दहशत में है।
पीड़ित को जिन नंबरों से कॉल और व्हाट्सएप संदेश मिले, उनमें 1 (208) 281-7360, 351961904586, 916026899782, 919454795247 और 919450595513 शामिल हैं। अजीत चौधरी ने इन कॉल और संदेशों के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं।मामले में अरगोड़ा थाना में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111(2), 111(3), 111(4), 111(5), 111(7), 308(4) और 61(2) के तहत अज्ञात गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

