अचानक आई नदी में बाढ़, बाइक सहित बह गए जीजा-साला, एक लापता

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है।खधैया नदी में अचानक आई बाढ़ में बाइक सहित जीजा और साला बह गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने काफी मशक्कत से साले को तो बचा लिया, जबकि जीजा लापता है।पुलिस और स्थानीय लोग लापता शख्स की तलाश में जुटे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक नदी के किनारे अपनी बाइक धो रहे थे।उस समय नदी में पानी का बहाव न के बराबर था।लेकिन ऊपरी इलाकों में हुई बारिश के कारण अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और पानी की तेज धार में बाइक के साथ दोनों युवक बहने लगे।

 

आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और नदी की तेज धार में बह रहे एक युवक को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दूसरा युवक तेज बहाव में बह गया।खबर लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया। इस संबंध में टंडवा थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि एक युवक को ग्रामीणों ने बचा लिया है, जबकि लापता युवक की तलाश जारी है। पुलिस और स्थानीय लोग नदी के किनारे और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सूखी नदियों में अचानक बाढ़ का खतरा हमेशा बना रहता है और ऐसी घटनाएं सावधानी की कमी के कारण होती हैं।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे सतर्कता बरतें।वहीं लापता युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!