दुमका में दंपती की धारदार हथियार से हत्या, घर पर अकेले थे दोनों

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चोरकट्टा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने पति-पत्नी की घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी.मृतकों की पहचान नवगोपाल साहा ऊर्फ माथुर साहा (उम्र 62 वर्ष) और उनकी पत्नी बिमु बाला साहा (उम्र 56 वर्ष ) के रूप में हुई है।

हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद नव गोपाल साहा के शव को पलंग के नीचे चादर से ढक दिया। जबकि पत्नी का शव दरवाजे के पास ही छोड़ दिया। घटना का पता बुधवार रात को तब चला जब मृतक के बेटे और बहू दो दिन बाद घर लौटे। उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई क्योंकि दरवाजा बंद था और दुर्गंध आ रही थी।जैसे ही बेटा अंदर घुसा तो माता-पिता के खून से लथपथ शव देखकर दंग रह गया।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना प्रभारी सत्यम कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के अनुसार, आखिरी बार मंगलवार को दंपती को देखा गया था।आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार की देर रात या बुधवार की सुबह वारदात को अंजाम दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक बेटा अपनी पत्नी को लेकर मनसा पूजा में शामिल होने के लिए ससुराल गोड्डा गया था।घर में केवल बुजुर्ग दंपती ही मौजूद थे। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सत्यम कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।आज गुरुवार को शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस पूरे मामले में दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार का कहना है कि चोरकट्टा गांव में दंपती की हत्या हुई है।पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर हर बिंदु पर अनुसंधान कर रही है, ताकि हत्यारे को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

error: Content is protected !!