बोकारो:बच्चों के सामने पत्नी की हथौड़ी और चाकू से वार कर बेरहमी से हत्या…भीड़ ने आरोपी को रस्सी से बांधकर पुलिस को सौंपा

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नया बस्ती गांव में शनिवार देर रात पारिवारिक विवाद के दौरान पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी रुपेश यादव ने अपनी 27 वर्षीय पत्नी झालो देवी पर पहले हथौड़ी से वार किया।इसके बाद चाकू से हमला कर दिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ, यह स्पष्ट रूप से सामने नहीं आ सका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

जानकारी के अनुसार जब पति-पत्नी में लड़ाई हो रही थी, उस वक्त बच्चे भी साथ ही थे। गुस्से में आरोपी मारपीट करने लगा। इसके बाद बच्चों के सामने ही पत्नी को मार डाला। हालांकि बच्चों को कोई चोट नहीं आई, लेकिन माँ की मौत से वे सदमे में हैं। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी इतना गुस्से में था कि आसपास के लोग भी उसे नियंत्रित नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने संभाला। लोगों ने आरोपी को नियंत्रित करने के लिए रस्सी से उसके पैर-हाथ बांध दिए थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि रुपेश यादव का अपनी पत्नी से विवाद कोई नई बात नहीं थी। लगभग एक साल पहले भी झगड़े के दौरान उसने झालो देवी पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। यह बात पंचायत स्तर पर भी उठी थी, लेकिन मामला शांत करा दिया गया था। रुपेश पहले बोकारो थर्मल के सेंट्रल मार्केट में दुकानों पर काम करता था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, किसी पुराने मामले में नाम आने के कारण वह गांव छोड़कर टाटा जमशेदपुर चला गया था। करीब एक माह पहले ही वह दोबारा गांव लौटा था। लौटने के बाद भी पति-पत्नी के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार, रुपेश को क्रोध आने पर वह किसी की नहीं सुनता था। कई बार लोगों ने उसे समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

मृतका झालो देवी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। इसमें प्रतिमा कुमारी (10 वर्ष), पीयूष कुमार (4 वर्ष) और आयुष कुमार (2 वर्ष) है। माँ की मौत के बाद तीनों बच्चे बदहवास हैं और रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और गांव के लोगों ने प्रशासन से बच्चों के भविष्य और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने कहा कि हत्या के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद को ही मुख्य वजह माना जा रहा है।

error: Content is protected !!