शादी का झांसा देकर महिला से ठगी करने वाला शातिर ठग को बोकारो पुलिस ने पटना से किया गिरफ्तार
बोकारो।बैंककर्मी बता कर झांसा देने वाले जालसाज को बोकारो पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी पटना से हुई है।उनके पास से ठगी का सोना और कैश भी बरामद किया गया।बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने खुलासा करते हुए लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की ऑनलाइन या ऑफलाइन ठगी से बचें और किसी के झांसे में न आएं।मामला बियाडा की रहने वाली अंजली सिंह का है जो ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई। अंजली सिंह सोशल मीडिया के जरिए संकल्प कुमार उर्फ गोलू के संपर्क में आई।संकल्प कुमार ने अपने आप को बैंककर्मी बता कर अंजली सिंह को झांसे में लिया और शादी करने का भरोसा दिलाया।अंजली ने संकल्प कुमार को कुछ जेवर बैंक में जमा करने के लिए दिया, मगर मौका देख संकल्प कुमार जेवर लेकर फरार हो गया। इसके बाद अंजली सिंह ने उसके खिलाफ थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस की काफी खोजबीन के बाद संकल्प कुमार को बिहार में पटना के फतुआ में देखने की सूचना मिली तो बोकारो पुलिस की एक टीम वहां गई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
संकल्प कुमार ने ठगी का सोना एक ज्वेलरी शॉप में दिया था जिसे गला कर सिक्का बनाया गया था।पुलिस ने ज्वेलरी शॉप के मालिक सूर्यकांत सोनी को भी इस केस में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जालसाज के कब्जे से टोटल 1 लाख 75 हजार रुपये कैश तथा 22 ग्राम सोना सहित दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी संकल्प कुमार उर्फ गोलू का आपराधिक इतिहास भी है,वह इसी तरह से लोगों को झांसा देकर कभी बैंककर्मी, तो कभी एयर फोर्स ऑफिसर तो कभी सचिवालय कर्मी बताकर ठगी का काम करता है।

