बोकारो:अहंकार में की गई थी अपहरण के बाद जयंत सिंह की हत्या, मास्टरमाइंड विनोद खोपड़ी समेत छह अपराधी गिरफ्तार…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो में चर्चित जयंत सिंह अपहरण और हत्या के मामले का बोकारो पुलिस ने खुलासा किया है।पुलिस ने हत्या में शामिल मुख्य आरोपी विनोद खोपड़ी सहित सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 11 दिसंबर को बोकारो जिला के हरला थाने में अपहरण का कांड दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने दी है।
एसपी ने बताया कि अमृता सिंह नामक महिला ने बीते 11 दिसंबर को अपने पति जयंत सिंह के अपहरण का मामला हरला थाना में दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी पर अपहरण का आरोप लगाया था। महिला के अनुसार विनोद खोपड़ी नामक व्यक्ति के द्वारा उसके पति को फोन पर बार-बार धमकी दी जा रही थी।एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने डीएसपी सिटी आलोक रंजन के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी।
एसपी ने बताया कि सिटी सेंटर के इंपायर टेलर्स के साथ एक गाड़ी का सौदा जयंत के द्वारा हुआ था। इसी में कुछेक विवाद पैदा हुआ। इंपायर टेलर्स वाला विनोद खोपड़ी का करीबी था। मामला विनोद के पास पहुंचा। उसने जयंत को फोन किया। फोन पर बातचीत 08 दिसंबर को हुई और इसका ऑडियो अमूमन सभी ने सुना भी है। इसमें विनोद उसे धमका रहा है और फिर बात बढ़ गई।मामला अंहकार का हो जाता है। फिर 10 दिसंबर को जयंत का अपहरण और उसके बाद हत्या उसकी हत्या कर दी।
बताया कि जयंत सिंह का अत्यंत करीबी वरुण पासवान,जो सेक्टर -08/ 1374 का निवासी है। विनोद का खबरी बना हुआ था। 10 दिसंबर को सेक्टर – 08 हाई स्कूल में यह जयंत को लेकर गया और शराब का दौर चला और जब जयंत शराब के नशे में हो गया तो विनोद गैंग के हवाले जयंत को कर दिया। उसके बाद जयंत को 04 लाठियों से जमकर पीटा जाता है। इसी क्रम में उनकी मौत हो गई।बताया कि इसके बाद एक ऑल्टो कार से गिरिडीह के पीरटाड़ थाना क्षेत्र के जलेबिया मोड़ के पास एक खाई में लाश 10 दिसंबर को ही डाल दी।
पुलिस ने कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के 5 दिनों बाद आरोपी विनोद खोपड़ी सहित कांड में सम्मिलित अन्य पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी विनोद खोपड़ी की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर अपहृत जयंत सिंह का शव गिरिडीह के पीरटांड़ थाना अंतर्गत जलेबिया घाटी से बरामद किया गया है।एसपी ने बताया है कि इगो की वजह से आरोपियों ने अपहरण और हत्या की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि जयंत सिंह के शव की बरामदगी के बाद वारदात को अंजाम देने में प्रयुक्त काले रंग की कार, दो मोबाइल फोन और 4 लाठी को भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी, मनोज कुमार उर्फ लूसी, संजय कुमार उर्फ संजय डोम, आनंद कुमार, वरुण कुमार उर्फ वरुण पासवान, संजय सिंह उर्फ कट्टा को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि कांड का मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी का काफी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।इस पर जिले के लगभग कई थानों में 19 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि कांड में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

