तेज रफ़्तार में बाइक फ्लाईओवर की रेलिंग से टकराई, दो की मौत,दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट…

 

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले में में गुरुवार की देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा एनएच 419 स्थित बोदमा फ्लाईओवर पर हुआ। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग से टकराई और सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। दोनों ने ही हेलमेट नहीं पहना था।मृतकों की पहचान शहरडाल के मंगलपाड़ा गांव निवासी अंजय हेंब्रम (20) और कीनूडीह गांव का रहने वाला मस्तान टुडू (20) के रूप में की गई।अंजय हेंब्रम माता-पिता का इकलौता पुत्र था तो मस्तान टुडू के माता-पिता की बचपन में ही मौत हो चुकी थी। इधर, इकलौती संतान अंजय की मौत से युवक के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।दोनों युवक अच्छे दोस्त थे और साथ में मजदूरी किया करते थे। मृतक मस्तान के चाचा देवेंद्र मुर्मू ने बताया कि मस्तान जब 4 साल का था तो उसकी पिता की मौत हो गई थी। वहीं, जब वो 12 की उम्र में पहुंचा तो उसकी माँ ने दम तोड़ दिया। मस्तान अपने बड़े भाई के साथ रहकर मजदूरी कर गुजारा करता था।रात करीब 11 बजे दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जामताड़ा की ओर जा रहे थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद काफी देर तक दोनों सड़क पर पड़े रहे।जब राहगीरों की उनपर नजर पड़ी तो उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है।आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

error: Content is protected !!