हाइकोर्ट से भाजपा नेताओं और पांच पूर्व मंत्रियों को बड़ी राहत, हाई कोर्ट ने दो मामलों की सुनवाई की,एक खारिज तो दूसरा रद्द की याचिका..
राँची।झारखण्ड में भाजपा नेताओं को सोमवार को हाइकोर्ट ने बड़ी राहत दी है।हाइकोर्ट ने दो मामलों की सुनवाई की है।आय से अधिक संपत्ति मामले में रघुवर सरकार के पांच मंत्रियों अमर कुमार बाउरी, रणधीर सिंह, डॉ. नीरा यादव, लुइस मरांडी और नीलकंठ सिंह मुंडा को भी हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने इस मामले में दायर जनहित याचिका को खारिज कर दिया है।यह जानकारी अधिवक्ता धीरज कुमार ने दी है।
बता दें जुलाई 2023 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट की बैठक में रघुवर सरकार के पांच पूर्व मंत्रियों के खिलाफ एसीबी जांच को मंजूरी दी थी। इसके बाद एसीबी ने पांचों आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की और सभी को नोटिस भेजा, लेकिन जैसे ही पंकज कुमार यादव की जनहित याचिका को चीफ जस्टिस की कोर्ट ने खारिज किया, सभी पांच पूर्व मंत्रियों को बड़ी राहत मिल गई है।
इधर झारखण्ड हाईकोर्ट ने 23 अगस्त 2024 को राजधानी राँची के मोरहाबादी से भाजपा युवा मोर्चा द्वारा निकाली गई युवा आक्रोश रैली के दौरान दर्ज केस को भी रद्द कर दिया है।इस मामले में अर्जुन मुंडा समेत 51 भाजपा नेताओं को नामजद किया गया था।इसके अलावा करीब 20 हजार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ अज्ञात के तौर पर केस दर्ज किया गया था।
कोर्ट के फैसले की जानकारी देते हुए इस केस के अधिवक्ता सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि जिस तरह से मुख्यमंत्री आवास घेरने जा रहे भाजपा नेताओं पर पुलिस ने बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की और उसके बाद लालपुर थाने में केस दर्ज कर ऐसी धारा लगाई, वो झारखण्ड में आज तक किसी राजनीतिक आंदोलन के दौरान नहीं हुई।कोर्ट ने पूरे मामले की सुनवाई पूरी करने के बाद इस केस को रद्द करने का आदेश दिया है।चूंकि इस मामले में 39 बीजेपी नेताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है और आज फैसला सुनाया गया है,इसलिए बाकी लोगों पर भी जल्द फैसला आने की संभावना है।
जिन बीजेपी नेताओं को कोर्ट से राहत मिली है उनमें अर्जुन मुंडा, संजय सेठ, बाबूलाल मरांडी, करमवीर सिंह, शशांक राज, कुशवाहा शशि भूषण, प्रतुल शाहदेव, अमर कुमार बाउरी, मंगल मूर्ति तिवारी, सत्येन्द्र नाथ तिवारी, अपर्णा सेनगुप्ता, अमित कुमार, अमरदीप यादव, डॉ. नीरा यादव, बी.डी. राम, राज सिंघा, विद्युत वरुण महतो, दीपक प्रकाश नीलकंठ सिंह मुंडा, सी.पी. सिंह, भानु प्रताप शाही, संजीव विजयवर्गीय, कुणाल यादव, गीता कोड़ा, मधु कोड़ा, नारायण दास, डॉ. यदुनाथ पांडे, केदार हाजरा, नवीन जयसवाल, रमेश कुमार सिंह, पुष्पा देवी, रामचन्द्र चंद्रवंशी का नाम शामिल है।