पुलिस की बड़ी लापरवाही, ट्रेन से कूदकर फरार हो गया हथकड़ी लगा आरोपी,फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी..

 

राँची/जमशेदपुर/बोकारो।झाऱखण्ड में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बोकारो जिले के चंद्रपुरा रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को धोखाधड़ी के एक मामले में हिरासत में लिया गया एक आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। इस मामले की जानकारी देते हुए चंद्रपुरा रेलवे पुलिस थाना के प्रभारी एस राम ने बताया कि आरोपी की पहचान सुरेश एंड्रयू जेम्स के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के बेंगलुरु का मूल निवासी है, लेकिन ओडिशा के मयूरभंज में रहता था। उन्होंने बताया कि जेम्स को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में गिरफ्तार किये जाने के बाद जमशेदपुर लाया जा रहा था।इस मामले पर बात करते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही ट्रेन चंद्रपुरा के निकट तेलोन स्टेशन के पास पहुंची, हथकड़ी और रस्सी से बंधे आरोपी ने मूत्रालय इस्तेमाल करने का अनुरोध किया। एक पुलिस अधिकारी उसके साथ था। उसने अचानक पुलिसकर्मी को धक्का दिया और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। उसे पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भगोड़ा पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में आरोपी है। परसुडीह पुलिस थाना के प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि जेम्स पर ईसाई संस्थाओं से धोखाधड़ी करने का आरोप है और उसे हिमाचल प्रदेश में पकड़े जाने के बाद यहां लाया जा रहा था।

error: Content is protected !!