Ranchi: टाटीसिलवे के डोल मेला में बड़ा हादसा,भीड़ में घुसी कार, दो की मौत, कई घायल,लोगों ने किया सड़क जाम
राँची।राजधानी राँची के टाटीसिलवे इलाके में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। टाटीसिलवे से अनगड़ा की ओर जाने वाली सड़क के किनारे लगे डोल मेला में अचानक एक अनियंत्रित कार घुस गई।इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।वहीं एक घायल के अस्पताल में दम तोड़ने की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल कार जमशेदपुर नंबर की बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। इसके बाद कार सीधे मेले में मौजूद लोगों की भीड़ की तरफ घुस गई, जिससे कई लोग उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में घायल लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया।घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक की पहचान करने की भी कोशिश की जा रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।कार चालक किसी तरह भीड़ से जान बचाकर भागने में कामयाब हो गया।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घायलों को संभालने में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

