चांडिल में छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा,डूबने से एक ही परिवार के तीन की मौत… एनडीआरएफ और गोताखोरों ने तीनों शव निकाले बाहर
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले में स्वर्णरेखा नदी में पूजा करते समय एक नाबालिग समेत तीन श्रद्धालु तेज धारा में बह गए थे। स्थानीय गोताखोरों और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम द्वारा घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार शाम तक तीनों के शव बरामद कर लिए गए।मृतकों की पहचान संजय यादव (42), प्रतीक यादव (19) और आर्यन यादव (13) के रूप में हुई है। तीनों आदित्यपुर और डिमना इलाके के रहने वाले थे।इस हादसे के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने आर्यन का शव एक दिन पहले ही बरामद कर लिया था, जबकि प्रतीक और संजय की तलाश मंगलवार सुबह तक जारी रही।
नदी की तेज धारा और गहराई ने बचाव अभियान के लिए बड़ी चुनौतियां खड़ी कर दीं, लेकिन शाम तक स्थानीय गोताखोरों की सूझबूझ से प्रतीक का शव भी बरामद कर लिया गया।चांडिल एसडीओ विकास राय ने शवों के मिलने की जानकारी दी।
उप-मंडल अधिकारी विकास राय, चांडिल थाना प्रभारी दिलशान बिरुआ और स्थानीय पुलिस सहित एक प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दुर्घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।दुर्घटना के बाद, जिला प्रशासन ने सभी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है और कड़े निर्देश जारी किए हैं।प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में वह सिर्फ चेतावनी जारी करने तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के ख़िलाफ कड़ी कार्रवाई भी करेगा।
दरअसल, छठ पूजा के दौरान सोमवार शाम छठ घाट पर हादसा हो गया था।यहां शहरबेड़ा छठ घाट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई थी जब नदी में नहाने उतरे एक ही परिवार के तीन सदस्य गहरे पानी में डूब गए थे।जिसमें से एक नाबालिग के शव को बरामद सोमवार को ही निकाल लिया था।

