Ranchi:विश्वासी बनकर ऑटो चालक ने सेवानिवृत्त महिला प्रोफेसर के खाते से उड़ाएं 27 लाख,ऑटो चालक की पत्नी और एक दुकानदार गिरफ्तार…

 

राँची।राजधानी राँची के जगन्नाथपुर थाना की पुलिस ने निर्मला कॉलेज की रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ भारती सिन्हा के बैंक खाते से 27 लाख रुपए निकासी करने के आरोप में दो महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के मुख्य आरोपी सुनील साहू फरार है।

मामले में जगन्नाथपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराने वाले युवा कांग्रेस महासचिव एवं राँची विधानसभा प्रभारी रोहित सिन्हा के अनुसार उनकी 80 वर्षीय वृद्ध बुआ डॉक्टर भारती सिन्हा हेसाग में रहती है। वह घरेलू कामकाज के लिए सुनील साहू नामक ऑटो चालक से सहयोग लेती थी। जिस कारण वह भारती सिन्हा के काफी विश्वास पात्र बन गया था। इसी का लाभ उठाकर सुनील साहू और उसकी पुत्री ने भारती सिन्हा के मोबाइल में फोनपे अकाउंट बना लिया। इसके बाद 20 मार्च 2024 से लेकर 20 अप्रैल के बीच हर दिन भारती सिन्हा के मोबाइल से तीन बार में एक लाख रुपए हटिया स्टेशन रोड स्थित माँ दुर्गा स्टोर्स व डिजिटल सर्विस केंद्र के संचालक छोटू कुमार के अकाउंट में ट्रांसफर करता रहा। छोटू कुमार के अकाउंट में पैसा ट्रांसफर करने के बाद सुनील साहू शाम को जाकर उससे पैसा ले लेता था।

भारती सिन्हा के भतीजे रोहित सिन्हा ने डोरंडा शाखा के एसबीआई ब्रांच जाकर पासबुक को अपडेट कराया। तब मामले का खुलासा हुआ की बुआ के खाता से 20 लाख 21 हजार रुपए हटिया स्टेशन रोड स्थित छोटू कुमार के अकाउंट में ट्रांसफर हुआ है। इसके बाद उन्होंने जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

राँची से भागने की तैयारी में था सुनील साहू का परिवार

मामले के संज्ञान में आने के बाद जगन्नाथपुर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस की टीम सुनील कुमार को पकड़ने के लिए हटिया स्टेशन रोड स्थित आवास जा रही थी। उसी समय एक ऑटो में सवार होकर सुनील साहू की पत्नी और उनके तीन बच्चे हटिया स्टेशन की ओर जा रहे थे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने मां दुर्गा स्टोर के संचालक छोटू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन लोगों के पास से 5,27 लाख से अधिक नगद और 3,24 लाख रुपए के जेवरात बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने सुनील साहू की पत्नी, उसकी एक पुत्री और मां दुर्गा स्टोर के संचालक छोटू कुमार को जेल भेज दिया है।

छोटू ने बताया कि सुनील ने मेरे अकाउंट में भेजा है 27 लाख

मामले में गिरफ्तार डिजिटल सर्विस केंद्र के संचालक छोटू कुमार ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि सुनील साहू ने उनके अकाउंट में एक महीने के अंदर 27 लाख रुपया ऑनलाइन भेजा है। पैसा भेजने के बाद हर दिन आकर वह पैसा ले जाता था।

थाना से फरार हुआ मुख्य आरोपी सुनील साहू

केस दर्ज करने के बाद केस के आईओ धीरज कुमार ने सुनील साहू को पूछताछ के लिए बुधवार की दोपहर जगन्नाथपुर थाना बुलाया था। पुलिस के द्वारा उस मामले पर पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस को चकमा देकर थाना परिसर से सुनील साहू फरार हो गया। इसके बाद वह अपने मोबाइल से शिकायतकर्ता रोहित सिन्हा को फोन पर लगातार केस वापस लेने की धमकी दे रहा है।फोन में हुई बातचीत में सुनील साहू ने पैसे निकाले जाने के मामले में अपनी संलिप्ता स्वीकार की है। ये पूरी जानकारी रोहित सिन्हा ने दिया है।