स्कूली छात्रा का अपहरण करने का प्रयास, लोगों ने छात्रा को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बचाया…

 

साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड क्षेत्र के जामनगर में गुरुवार को अज्ञात बदमाशों ने एक स्कूली बच्ची का अपहरण करने का प्रयास किया।हालांकि स्थानीय लोगों की सजगता से बदमाश अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।छात्रा को जबरन गाड़ी में बिठाने का प्रयास करता देख स्थानीय लोग पहुंच गए और छात्रा को बचा लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उत्क्रमित उच्च विद्यालय जामनगर के समीप पांच-छह की संख्या में बदमाश पहुंच गए और एक छात्रा के साथ मारपीट करते हुए उसे वाहन पर बिठाकर भागने का प्रयास करने लगे।यह देख वहां मौजूद मनसिंहा निवासी मो. रेजाउल शेख पहुंच गए और बच्ची को बदमाशों ने बचाया। रेजाउल ने बताया कि बदमाशों का वाहन थोड़ी दूर पर था।इस कारण बच्ची को बचाया जा सका। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया था, लेकिन किसी तरह से वह बचकर भागने में सफल रहा।

इधर, मामले की सूचना मिलने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. ताहिर घटनास्थल पहुंचे और बच्ची को लेकर थाना गए। प्रधानाध्यापक ने क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है। खासकर विद्यालय खुलने और बंद होने के समय।उन्होंने कहा कि विद्यालय के आसपास सुरक्षा का माहौल होना चाहिए।इधर, घटना में संलिप्त कई युवकों की पहचान भी किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

घटना के संबंध में राजमहल थाना प्रभारी मो. हसनैन अंसारी ने कहा कि पुलिस मामले से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।स्कूली बच्ची से पूछताछ की जा रही है।मामले में कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!