अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला,बाइक सवार की मौत,ड्यूटी से घर लौट रहे थे,जांच में जुटी है पुलिस..
रामगढ़। झारखण्ड के रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ,जिसमें मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।मृतक की पहचान रौनक कुमार शाह के रूप में हुई है,जो निर्माणाधीन पीवीयूएनएल (PVUNL) पावर प्लांट में लॉयल टैंक सीएचपी ऑपरेशन मैनपावर में मजदूर के तौर पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, रौनक कुमार शाह सोमवार देर रात ड्यूटी खत्म कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान पतरातू थाना क्षेत्र स्थित ग्रिड के पास सड़क किनारे वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला।ड्यूटी से लौट रहे उसके सहकर्मियों की नजर जब सड़क पर पड़े युवक पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत उसे पहचान लिया। इसके बाद बिना देर किए पुलिस को सूचना दी गई।
साथ काम करने वाले सहकर्मियों का कहना है कि रौनक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया होगा।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसा देर रात होने के कारण किसी को तुरंत घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, आसपास किसी वाहन के रुकने या मदद करने के संकेत भी नहीं मिले, जिससे हिट एंड रन की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची। सहकर्मियों और पुलिस की मदद से रौनक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पतरातू लाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में शोक का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक रौनक कुमार शाह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी था। वह रोज़गार के सिलसिले में पतरातू में रहकर पीवीयूएनएल पावर प्लांट में काम कर रहा था। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
पतरातू थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

