बार के बाहर छेड़खानी के बाद हंगामा, नशे में पुलिस से उलझे युवक, लाठीचार्ज
राँची।अरगोड़ा चौक के पास लीकर बार के बाहर मंगलवार की रात जमकर हंगामा हुआ। बार से बाहर निकले कुछ युवकों ने महिलाओं से छेड़खानी की। इसके बाद विवाद बढ़ा। दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस से भी युवकों ने बदतमीजी की। वे पुलिस से भी उलझ गए। उनके साथ धक्का-मुक्की की। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। उन्हें अरगोड़ा थाना लाया गया है। रात में हंगामे के दौरान सड़क पर जाम लग गया। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने अरगोड़ा चौक पर लीकर बार के सामने लगे चार पहिया व दो पहिया कई गाड़ियों का चालान भी काटा। क्योंकि वाहनों को सड़क पर लगा कर वाहन चालक बार में शराब पीने गए हुए थे। इस वजह से वहां हंगामे के दौरान लंबा जाम लग गया। रास्ता वीवीआईपी होने की वजह से कई लोगो को परेशानी हुई।

