हजारीबाग:एसआईएसएफ जवान की गोली लगने से मौत,बानादाग साइडिंग पर हुआ हादसा,
हजारीबाग।झारखण्ड के हज़ारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत बानादाग साइडिंग में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है।हादसे में SISF (स्टेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स) के जवान मिथलेश यादव की गोली लगने से मौत हो गई।जवान झारखण्ड के गढ़वा जिले का रहने वाला था।मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 5 बजे यूनिट-7 SISF कैंप में हुई।
एसआईएसएफ के पुलिस उपाधीक्षक साजिद ने हादसे में जवान के मौत की पुष्टि की है।कहा कि हादसे के समय जवान मिथलेश यादव ड्यूटी पर तैनात थे।पुलिस उपाधीक्षक साजिद ने कहा कि उन्हें जवानों द्वारा बताया गया है कि ड्यूटी पर तैनात जवान अचानक फिसलकर गिरने लगे।इस दौरान उनकी राइफल से गोली चल गई। जिससे मिथलेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक जवान मिथलेश यादव के बड़े भाई अमरेश कुमार यादव जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे।जो खुद भी SISF में हैं और वर्तमान में बड़कागांव में पदस्थापित हैं। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें यह सूचना मिली कि बारिश के कारण फिसलने से मिथलेश गिर गए और उसी दौरान गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
मामले को लेकर कैंप के कमांडेंट और मिथलेश यादव के भाई ने यह स्पष्ट किया कि यह एक हादसा था और गोली गलती से चल गई।हादसे के बाद कटकमदाग पुलिस और SISF अधिकारियों की टीम मामले की जांच में जुटी है।
जवान का शव पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल लाया गया।जहां सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।मृतक जवान का अंतिम संस्कार उनके पैतृक निवास गढ़वा में किया जाएगा। घटनास्थल पर सुबह से ही खामोशी छाई रही। लोग इस घटना के बारे में एक दूसरे से जिक्र करते रहे।

