वन भूमि व जमीन घोटाले में फंसे निलंबित आईएएस विनय चौबे को रिमांड पर हजारीबाग ले गई एसीबी..
राँची।निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद अब वह जमीन और वन भूमि घोटाले के मामलों में घिर गए हैं।एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम सोमवार को उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर हजारीबाग ले गई। विनय कुमार चौबे, जो फिलहाल रिम्स के मेडिकल वार्ड में भर्ती थे, उन्हें एसीबी की टीम ने वहीं से रिमांड पर लिया है। एसीबी ने उन्हें वन भूमि घोटाले से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।विनय चौबे पर यह कार्रवाई एसीबी हजारीबाग थाने के कांड संख्या 11/25 के तहत दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में हुई है।यह प्राथमिकी 25 सितंबर को दर्ज की गई थी।
बता दें जमीन घोटाला मामले में जेल में बंद निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आज ही चौथी प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसीबी राँची थाने में 24 नवंबर को कांड संख्या 20/2025 को दर्ज यह प्राथमिकी आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में दर्ज की गई है। पीई जांच में पुष्टि के बाद एसीबी ने यह प्राथमिकी दर्ज की है।इस प्राथमिकी में एसीबी ने निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे सहित कुल सात को नामजद आरोपी बनाया है। जिन्हें नामजद आरोपी बनाया गया है, उनमें विनय कुमार चौबे के अलावा उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, उनके ससुर सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी, साला शिपिज त्रिवेदी, साला की पत्नी प्रियंका त्रिवेदी, सहयोगी विनय कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह शामिल हैं।
इससे पहले एसीबी ने निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के विरुद्ध शराब घोटाले में एक, हजारीबाग के खासमहाल की जमीन घोटाले में दूसरी व हजारीबाग के ही वन भूमि घोटाले में तीसरी प्राथमिकी दर्ज की थी। अब आय से अधिक संपत्ति में दर्ज प्राथमिकी वाले मामले में भी सभी आरोपियों को एसीबी गिरफ्तार करेगी।
आय से अधिक संपत्ति मामले में मिली शिकायतों के बाद एसीबी ने मंत्रिमंडल निगरानी एवं सचिवालय विभाग से अनुमति के बाद प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज की थी। पीई जांच के दौरान प्राप्त दस्तावेजों, बैंक खातों के विवरण व अन्य वित्तीय गतिविधियों के विश्लेषण तथा संबंधित पक्षों के बयान के बाद पाया कि विनय कुमार चौबे ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।

