एसीबी ने शराब घोटाला मामले में लिया बड़ा एक्शन, फरार नवीन केडिया केस में इंस्पेक्टर समेत 8 पुलिसकर्मी को किया निलंबित..
राँची।झारखण्ड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। आरोपी शराब कारोबारी नवीन केडिया के फरार होने के मामले में एसीबी ने इंस्पेक्टर सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की चीफ सह एडीजी प्रिया दूबे के निर्देश पर की गई। निलंबन के साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।निलंबित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों में एसीबी में पदस्थापित इंस्पेक्टर विजय केरकेट्टा, सब इंस्पेक्टर शशिकांत, सब इंस्पेक्टर राहुल, एएसआइ राजू रंजन के अलावा चार आरक्षी शामिल हैं। राहुल और राजू रंजन सहित चार अन्य आरक्षी राँची और अन्य जिला बल से संबंधित हैं।
शराब घोटाला मामले में एसीबी की टीम ने सात जनवरी को गोवा में छापेमारी कर आरोपी कारोबारी नवीन केडिया को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर झारखण्ड लाने के लिए गोवा कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने कुछ सख्त शर्तों के साथ चार दिनों की ट्रांजिट बेल मंजूर की थी। ट्रांजिट बेल मिलने के बाद नवीन केडिया गोवा से अपने छत्तीसगढ़ स्थित घर लौट गए।
गोवा कोर्ट के आदेश के अनुसार संबंधित पुलिस अधिकारियों और जवानों को चार दिनों तक नवीन केडिया के घर के बाहर रहकर निगरानी करनी थी। इसी दौरान वह घर से निकलकर फरार हो गए और वापस नहीं लौटे। कोर्ट की शर्त के अनुसार उन्हें 12 जनवरी तक एसीबी राँची के समक्ष सरेंडर करना था, लेकिन उन्होंने न तो सरेंडर किया और न ही शर्तों का पालन किया। इस चूक के बाद एसीबी की नजर में वह दोबारा फरार आरोपी बन गए।एसीबी ने मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में आरोप साबित होने पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरार नवीन केडिया की तलाश के लिए भी एसीबी की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और कानूनी प्रक्रिया तेज की जा रही है।

