एसीबी की टीम ने एक घूसखोर राजस्व कर्मचारी को 20 हजार घूस लेते दबोचा…
गिरिडीह।झारखण्ड के धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने गिरिडीह जिले में एक बार फिर से दबिश दी है।इस बार जिला के गावां में छापा मारा गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो धनबाद की टीम ने यहां से आलोक रंजन नामक राजस्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।आलोक को 20 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया।आलोक की गिरफ्तारी शुक्रवार को गावां बाजार स्थित बेलु राम के घर में स्थित आवास से की गई।गिरफ्तारी के बाद आलोक को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम धनबाद निकल गई।एसीबी ने यह कार्रवाई गावां थाना इलाके के सांख निवासी राजू प्रसाद यादव की शिकायत पर की है। दरअसल राजू को अपनी जमीन का दाखिल खारिज करवाना था। इसे लेकर उसने राजस्व कर्मचारी आलोक रंजन से सम्पर्क किया। राजू के मुताबिक कर्मचारी ने उससे दाखिल-खारिज और रसीद काटने के एवज में 50 हजार की मांग रखी।राजू को यह नागवार लगा वह सीधे धनबाद एसीबी के एसपी के पास जा पहुंचा और लिखित शिकायत कर दी।पीड़ित की ओर से शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम दो बार गावां पहुंची।शिकायत की जांच की तो मामला सत्य निकला। तीसरी दफा टीम फिर से गावां पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।शुक्रवार को जैसे ही राजू ने रिश्वत की पहली किस्त 20 हजार रुपया राजस्व कर्मचारी को दिया वैसे ही टीम ने कर्मचारी को दबोच लिया।रंगे हाथ गिरफ्तारी के बाद कर्मचारी को लेकर टीम धनबाद निकल गई।

