हजारीबाग में हुए जमीन घोटाले मामले में नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह को एसीबी ने किया गिरफ्तार, विनय कुमार चौबे पर भी दर्ज हुई प्राथमिकी

 

राँची।भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हजारीबाग के द्वारा जमीन के अवैध जमाबंदी मामले में प्राथमिकी अभियुक्त विनय कुमार सिंह को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के द्वारा गुरुवार की देर शाम जारी किए गए प्रेस रिलीज में बताया गया है कि कांड संख्या एसीबी हजारीबाग कांड संख्या 11/25 में गुरुवार को विनय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारीबाग में करोड़ों के जमीन घोटाले में मुख्य आरोपी विनय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। नेक्सजेन के संचालक विनय कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने राजस्व और भूमि सुधार विभाग द्वारा 2013 में रद्द की गई पांच भूखंडों की अवैध जमाबंदी को फिर से स्थापित कर धोखाधड़ी की। इस केस में एसीबी ने जेल में बंद आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे को भी आरोपी बनाया है।एसीबी ने बताया है कि उनकी मिलीभगत से ही जमीन को अवैध तरीके से कब्जाया गया।

विनय सिंह के ​गिरफ्तारी के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में एसीबी ने बताया कि यह कार्रवाई हजारीबाग एसीबी थाना कांड संख्या 11/25 के तहत की गई है। आरोपी विनय कुमार सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसी एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।​जांच में यह खुलासा हुआ है कि विनय कुमार सिंह ने अवैध रूप से इन सरकारी जमीनों पर मालिकाना हक प्राप्त करने के लिए आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे समेत अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रची थी। विज्ञप्ति के अनुसार, ये भूखंड गैर-मजरूआ खास जंगल-झाड़ी भूमि की श्रेणी में आते हैं, जिन्हें वन विभाग की अनुमति के बिना किसी भी तरह के निर्माण या हस्तांतरण के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता।

एसीबी ने यह भी बताया कि इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक रिट याचिका की सुनवाई के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय के 1996 के एक आदेश का हवाला दिया गया। इस आदेश में स्पष्ट किया गया था कि जंगल में दर्ज की गई किसी भी भूमि को वन विभाग की अनुमति के बिना इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।एसीबी बताया कि विनय कुमार सिंह इस जमीन के लाभार्थी और खरीदार दोनों थे, उनकी गिरफ्तारी से इस बड़े घोटाले के अन्य पहलुओं का भी खुलासा होने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!