राँची के बेड़ो थाना से एसीबी ने दारोगा को 10 हजार रुपये घूस लेते किया गिरफ्तार…
राँची।एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने राँची के बेड़ो थाना में कार्यरत पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नंदन पासवान को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। श्याम नंदन पासवान एक ट्रक के मालिक से जांच प्रतिवेदन भेजने के नाम पर 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे।झारखण्ड पुलिस के एंटी करप्शन ब्यूरो ( एसीबी) राँची की टीम द्वारा बेड़ो थाना के दारोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथ थाने में ही गिरफ्तार किया गया है।एंटी करप्शन ब्यूरो ने बताया गया है कि वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) राँची की ओर से दर्ज यह पहला ट्रैप केस है, जिसमें बेड़ो थाना के पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नंदन पासवान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है।
शिकायतकर्ता ने एसीबी में लिखित परिवाद दिया कि बेड़ो थाना,राँची के पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नंदन पासवान उनके चौदह चक्के वाले ट्रक की एमवीआई जांच रिपोर्ट ( फिटनेस जांच) भेजने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं।परिवादी रिश्वत नहीं देना चाहता था, लेकिन आरोपी अधिकारी बार-बार फोन कर उसे थाना बुला रहे थे और पैसा नहीं देने पर काम लंबित रखने की धमकी दे रहे थे।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की बात सत्य पाई गई।इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राँची थाना में कांड संख्या 02/2026, दिनांक 07.01.2026, धारा 7(ए), भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम 2018 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।एसीबी की टीम ने 09.01.2026 को योजना बनाकर बेड़ो थाना के पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नंदन पासवान के खिलाफ ट्रैप बिछाया।तय योजना के तहत परिवादी ने 10,000 रुपये की रकम आरोपी को दी,जिसे लेते ही एसीबी की टीम ने श्याम नन्दन पासवान को बेड़ो थाना परिसर से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पुलिस अवर निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी गई है। एसीबी का कहना है कि प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और आगे की कार्रवाई कानून के अनुरूप की जाएगी।

