Ranchi:करीब चार किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक गिरफ्तार..
राँची।राजधानी राँची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को लिक्विड अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी लातेहार जिला का रहने वाला है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति बैग में अफीम लेकर लालपुर से कांटा टोली की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया।छापामारी दल ने थाना क्षेत्र के डंगरा टोली के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को तलाशी के दौरान गिरफ्तार किया।आरोपी की पहचान मो० जुबैर अंसारी उर्फ जावेद (पिता– जैमुल अंसारी, साकिन– बालू बस्ती, थाना– बालुमाथ, जिला– लातेहार) के रूप में हुई है।उसके बैग से काले रंग के प्लास्टिक में रखे दो पारदर्शी पैकेटों में कुल 3.758 किलोग्राम अफीम बरामद की गई।इसके अलावा अभियुक्त के पास से 2300 रुपये नकद, एक स्मार्टफोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए गए। गिरफ्तारी के बाद लोअर बाजार थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(बी)/29 के तहत कांड संख्या 01/26 दर्ज किया गया है।
सिटी एसपी ने बताया कि मो.जुबैर अंसारी लातेहार जिले से अफीम जमा करके उसे बेचने के लिए राँची के लिए निकाला था। पुलिस के पूछताछ में उसने बताया है कि उसे पैसे की काफी जरूरत थी। इसी वजह से उसने तैयार अफीम को बाजार में बेचने की तैयारी की थी।जैसे ही कोई अफीम का खरीदार उससे मिलता वह उसे बेच देता।बता दें कि जुबेर के पास से बिल्कुल तैयार अफीम बरामद किया गया है। इसी अफीम से ही विभिन्न तरह के मादक पदार्थों को तैयार किया जाता है।जिसे नशे के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

