राँची के बुंडू में भीषण सड़क दुर्घटना,चार लोगों की मौत,20 से अधिक घायल..रैली में शामिल होने जा रहे थे…
राँची।जिले के बुंडू में आदिवासी संगठन द्वारा कुड़मी समुदाय के विरोध में आयोजित रैली में शामिल होने जा रहे लोगों का वाहन गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया।इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौत और करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए हैं।घटना राँची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर बुंडू थाना क्षेत्र के गोसाईडीह के पास की है, जहां तेज रफ्तार में जा रही एक सवारी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है।जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। हादसे की जानकारी मिलते ही बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश, थानेदार सह इंस्पेक्टर रामकुमार वर्मा सहित आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
सभी लोग खूंटी के अड़की के बिरडीह गांव से बुंडू के ताऊ मैदान में आयोजित आदिवासी जनाक्रोश रैली में शामिल होने जा रहे थे।एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा ने बताया कि चार लोगों की मौत हुई है। हादसे में 23 यात्री जख्मी हुए हैं।इनमें से 15 को रिम्स रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सवारी वाहन टाटा से राँची की ओर आ रही एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था।इसी दौरान अचानक सवारी वाहन का अगला टायर ब्लास्ट हो गया। तेज गति में होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बस को हल्की टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।देखते ही देखते घटनास्थल पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।
सूचना मिलने के बाद बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश, एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा, थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा और दशम फॉल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की सहायता से बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।
वहीं गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए राँची रेफर कर दिया गया है।एसडीएम ने स्वीकार किया कि सवारी गाड़ी ओवर लोड थी। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि ओवरलोड वाली गाड़ियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर ,घटना की गंभीरता को देखते हुए बुंडू ताऊ मैदान में आयोजित “आदिवासी जनाक्रोश रैली” को स्थगित कर दिया गया है।मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति की पुष्टि के लिए प्रशासन जांच में जुटा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सवारी वाहन में महिलाएं, पुरुष और युवा सभी शामिल थे, जो रैली में हिस्सा लेने जा रहे थे।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

