बोकारो के बेरमो में गहने की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिला में बेरमो थाना क्षेत्र के फुसरो के पुराना बीडीओ ऑफिस स्थित एमए ज्वेलर्स में सोमवार को अचानक आग लग गई।देखते ही देखते आग ने पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस आग से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।लेकिन आग इतनी भीषण थी कि दुकान के अंदर रखा कीमती गहने, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है लेकिन शॉर्ट सर्किट को इस आग की वजह मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान में लाखों रुपये के गहने और सामान रखे हुए थे,जो आग की भेंट चढ़ गये।इस घटना से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना के संबंध में ज्वेलरी शॉप के मालिक गोपाल दास का कहना है कि इस घटना से उनका भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दुकान में पहले धुआं दिखाई दिया मैं अपने स्टाफ के साथ बिजली के बोर्ड से निकलने वाले धुआं पर काबू पाने का काफी कोशिश किया लेकिन धुआं काफी भर गया और आग लग गई। इसके बाद हम लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी लेकिन तब तक आग से काफी नुकसान हो चुका था।
इस मामले को लेकर बेरमो थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रोहित कुमार सिंह ने बताया कि दुकान में आग लगने की खबर पर घटनास्थल और पहुंचकर फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।त्योहार के समय इस तरह की घटना से दुकानदार को काफी नुकसान हुआ है लेकिन इसमें किसी तरह के जान माल का नुकसान नहीं हुआ है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

