टेंपो पलटने से एक युवती की मौत,नर्सिंग की कर रही थी पढ़ाई….

 

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई। चिड़रा नदी के पास हुए इस हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई, जब कुछ लोग बेहराटोली गांव में आयोजित एक शादी समारोह से टेंपो से मंद्रियाटोली गांव लौट रहे थे। चिड़रा नदी चढ़ान के पास टेंपो अचानक पीछे खिसकने लगा। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।इस दुर्घटना में बड़ा कटरा निवासी प्रियंजली मिंज (23) टेंपो के नीचे दब गईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डुमरी ले जाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अलबेल केरकेट्टा ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।वहीं,हादसे में मंद्रियाटोली गांव निवासी साक्षी टोप्पो (16) के बाएं पैर में और निमंती एक्का (38) के सिर व कमर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।

मृतका प्रियंजली मिंज नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थीं और उन्होंने एएनएम की पढ़ाई पूरी कर ली थी। वह दो दिन बाद एक निजी अस्पताल में प्रैक्टिस के तौर पर ज्वाइन करने वाली थीं। घटना की सूचना मिलने पर आज स्थानीय जनप्रतिनिधि पहुँचे।वहीं थाना के एसआई आनंदी साहू अस्पताल पहुंचकर रिपोर्ट तैयार की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।

error: Content is protected !!