बोकारो:चर्चित देसी वाटर पार्क में हादसा,15 वर्षीय छात्र की डूबने से हुई मौत..

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के आईईएल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना घटी है। खंबरा स्थित कोनार नदी में सोशल मीडिया पर देसी वाटर पार्क के नाम से चर्चित नदी में छात्र नहाने गया था। नहाने के दौरान छात्र की गहरे पानी में जाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नरकी खरपीटो गांव निवासी 15 वर्षीय रॉबिंसन यादव के रूप में हुई है।वह दो भाइयों में बड़ा था।छात्र अपनी माँ के साथ गोमिया में रहकर पढ़ाई करता था, जबकि उसके पिता मुंबई में टैक्सी चलाते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रॉबिंसन दोस्तों के साथ नदी में नहाने के दौरान बॉल खेल रहा था।इसी दौरान गेंद पानी के तेज बहाव में चली गई।उसे निकालने के दौरान संभवतः उसका पैर फिसल गया।जिससे वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रफुल कुमार महतो, एएसआई अभिषेक किशोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी खोजबीन के बाद बच्चे को निकाला गया।प्रशासन की तत्परता से रॉबिंसन को तुरंत गोमिया अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो, अंचल अधिकारी आफताब आलम समेत कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। अंचल अधिकारी ने हादसे की जानकारी दी और बताया कि फिलहाल उस इलाके को आम लोगों के लिए प्रतिबंधित कर दिया है,अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस शव को गोमिया अस्पताल ले आई, जहां कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया गया है।

error: Content is protected !!