पलामू में मवेशी तस्करी का बड़ा खुलासा, दो कंटेनरों से 73 मवेशी बरामद, यूपी-झारखण्ड के 6 तस्कर गिरफ्तार

 

पलामू। झारखण्ड के पलामू में मवेशी तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। नेशनल हाईवे पर पुलिस की कार्रवाई में दो कंटेनरों से 73 मवेशियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का नेटवर्क झारखण्ड, बिहार और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है। पकड़े गए आरोपियों में दो उत्तर प्रदेश और चार झारखंड के लोहरदगा जिले के रहने वाले हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे के रास्ते मवेशियों की तस्करी की जाने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के जोड़ इलाके में वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध कंटेनरों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान दोनों कंटेनरों में बड़ी संख्या में मवेशी लदे मिले। पुलिस ने सभी 73 मवेशियों को रेस्क्यू कर लिया और मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी अजीम और कुंदरकी निवासी मोहम्मद फरजान के रूप में हुई है। वहीं, झारखण्ड के लोहरदगा जिले के तैमूर कुरेशी, मोहम्मद राजा, इरशाद अंसारी और गुलजार अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मवेशियों को लोहरदगा से बिहार के डेहरी इलाके में ले जाया जा रहा था।

दो राज्यों में रजिस्टर्ड कंटेनर, तस्करी के नेटवर्क की जांच तेज
इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है। पुलिस ने जिन दो कंटेनरों को जब्त किया है, उनमें एक उत्तर प्रदेश और दूसरा नागालैंड में रजिस्टर्ड है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था, इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इस नेटवर्क का संचालन किन लोगों के जरिए किया जा रहा था।

सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने छह आरोपियों की गिरफ्तारी और 73 मवेशियों को रेस्क्यू किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इनके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

पुलिस के इस छापेमारी अभियान में सब-इंस्पेक्टर कुलेश्वर महतो, एएसआई पंकज कुमार तिवारी, संजय कुमार दुबे समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मवेशी तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

error: Content is protected !!