Ranchi:क्रेडिट कार्ड बंद कराने के बाद खाते से निकाले 99,900 रुपए..
राँची।नगड़ी के रहने वाले अंतू भंडारी के खाते से 99,900 रुपए की निकासी हो गई। उन्होंने क्रेडिट कार्ड बंद कराने के लिए कस्टमर केयर पर कॉल किया था। कॉल के बाद उन्हें रिक्वेस्ट नंबर दिया गया। बताया गया कि एक कॉल आएगा, जिसमें पूछे गए सवालों का जवाब देना होगा।एक अज्ञात नंबर से उन्हें कॉल आया। कॉल करने वाली महिला ने खुद को एसबीआई कस्टमर केयर से बताया। अंतू भंडारी ने कार्ड बंद करने की बात कही। महिला ने कुछ जानकारी ली और कहा कि कटे हुए पैसे 24 घंटे में वापस मिल जाएंगे। अगले दिन जब अंतू ने उसी नंबर पर कॉल किया तो कोई जवाब नहीं मिला। बाद में मेल चेक करने पर पता चला कि कार्ड से दो बार निकासी हुई है। पहली निकासी 50,000 रुपए की हुई। दूसरी निकासी भी उसी दिन 48,900 रुपए की हुई। कुल 99,900 रुपए निकाले गए। फिर उन्होंने साइबर थाना रांची में प्राथमिकी दर्ज कराई।
तीन मोबाइल चोरी कर दो किशोरी भागीं, सीसीटीवी में कैद
राँची के चर्च रोड नाजीर अली लेन निवासी तबरेज अख्तर ने लोअर बाजार थाना में मोबाइल चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। तबरेज ने बताया कि 7 जुलाई की सुबह करीब 7:55 बजे उनके घर से तीन मोबाइल चोरी हो गए। मोबाइल टेबल पर रखे थे। जब उन्होंने मोबाइल नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई। फुटेज में दो लड़कियां दिखीं, जिनकी उम्र करीब 15 से 16 साल होगी। दोनों सुबह 7:55 बजे घर में घुसी और तीनों मोबाइल लेकर चली गईं। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
घर का ताला तोड़कर 2.5 लाख की चोरी
राँची के पुंदाग ओपी क्षेत्र के ढीपा टोली में बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने 2.5 लाख रुपये की चोरी कर ली। नसरीन प्रवीन ने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को शाम 5 बजे वह डोरंडा गई थीं। घर में ताला लगाकर गई थीं। 7 जुलाई की सुबह 7 बजे लौटीं तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सोने का गले का सेट, मांग टीका, नोज पिन और 30 हजार रुपये नकद गायब थे। कुल नुकसान करीब 2.5 लाख रुपये का हुआ है।

